Views
दिव्यांग और निर्धन सामूहिक विवाह समारोह संपन्न
06/03/2019 - उदयपुर। नारायण सेवा संस्थान ने नई दिल्ली में 32वें दिव्यांग और निर्धन व्यक्तियों के सामूहिक विवाह का सफल आयोजन किया जिसमें 52 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। राजौरी गार्डेन में आयोजित इस समारोह से पूर्व 52 बग्गियां से दुल्हनों को मंडप तक लाया गया। यहां 52 वेदियां तैयार की गई जहां पर देश के सुप्रसिद्ध धार्मिक स्थलों से पहुंचे धर्माचार्यों ने पूरे विधिविधान व रीति रिवाजों के साथ विवाह संपन्न कराया। समारोह में लगभग 3000 मेहमानों ने भाग लिया।
संस्थान के अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल ने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों से चुने गए ये जोड़े अपने परिजनों के साथ इस दो दिवसीय विवाह समारोह में शामिल हुए। संस्थान ने दिल्ली में इन सभी के रहने-खाने की व्यवस्था की। इसके अलावा विवाह स्थल तक आने-जाने के लिए वाहनों की भी सुविधा थी। समारोह में 52 पंडितों की उपस्थिति में दिव्यांग जोड़ों ने जीवनभर एक-दूसरे के साथ रहने की कसमें खाईं। संस्थान व भामाशाहों की ओर नव दंपत्तियों को अपना जीवन नए सिरे से शुरू करने के लिए गृहस्थी का सामान प्रदान किया गया। इस दौरान तीन दिव्यांगों को ट्राईसाइकिल, आधा दर्जन को ईयर मशीन व कैलिपर्स प्रदान किये गए।
प्रशांत अग्रवाल ने कहा कि संस्थान पिछले 18 वर्षों से दिव्यांगों का विवाह समारोह आयोजित कर रहा है। संस्थान ने अब तक 1300 से अधिक जोड़ों को अपनी नई जिंदगी शुरू करने में मदद की है। संस्थान का प्रयास दिव्यांगों और निर्धन व्यक्तियों की सहायता प्रदान करना है ताकि उन्हें समाज की मुख्यधारा में जीने का अवसर मिल सके। साथ ही दिव्यांगों को जीवन साथी खोजने में मदद करना, उन्हें अपना घर बसाने और जीवन शुरू करने में मदद करने जैसे कार्य लगातार किए जा रहे हैं।
By : Sameer Banerjee